मंगलवार, 13 नवंबर 2012

दीपावली

दीपों का त्यौहार दिवाली, आओ दीप जलाएं।
हर दिल को खुशियाँ बांटे, हर दिल में प्यार जगाएं।।
हो आदान प्रदान मिठाई, सब को दें सौगातें। 
मीठी मीठी याद रखें, बिसरा दें कड़वी बातें।। 
स्वागत करें लक्ष्मी का, वरदान चलो मिल मांगें। 
धन दौलत सुख शान्ति दें माँ, दुःख दर्रिद्दर भागें।। 
कहे  "आज़मी" मैं चाहूं, हर रोज़ दिवाली आये। 
मेह्मानो पकवानों संग, फुलझड़ियाँ दीप जलाएं।। 

सावित्री तिवारी "आज़मी"

शनिवार, 10 नवंबर 2012

धनतेरस

धनतेरस 
धनतेरस का पर्व है, लगी हुई है सेल। 
ठट्ठा मार कुबेर हँसे, लखि धरती का खेल।। 
लखि धरती का खेल, मची है आफरा तफरी। 
टूट पड़ रहे लोग, बनी है उनकी चकरी।। 
कोई सोना ले रहा, कोई मांगे चांदी। 
कोई मांगे बढ़िया बर्तन, कोई कपड़ा खादी।। 
कहे "आज़मी" सिर्फ देख कर, मैं तो हुई निहाल।
पैसा-पैसा जोड़ कर, कुच्छ लूंगी अगले साल।। 

सावित्री तिवारी "आज़मी"

मंगलवार, 16 अक्टूबर 2012

जिंदगी



दिल की कहें किससे ,कोई अपना नहीं रहा  I
देखने को अब कोई , सपना नहीं रहा II

धोखा ही थी यह जिंदगी , धोखे में कट गई I
दस्तक से बुढ़ापे की , जवानी पलट गई II

जीने की लत पड़ी है ,तो जीना ही पड़ेगा I
चिरकुट हुई चादर , को भी सीना ही पड़ेगा II  

अब ' आज़मी ' की सोच भी , कुछ मंद हो गई  I
सारी की सारी अक्ल , कंही बंद हो गई II

सावित्री तिवारी  ' आज़मी ' 

सोमवार, 15 अक्टूबर 2012

वेदना


जितनी हुई वेदना तुमको , इस दुनिया में लाने में I
उससे अधिक व्यथित हूँ  , तुमको मंजिल तक पहुचाने में II

लाख किया कोशिश न निकले , एक भी आंसू उस पल में I
अब  तो रहें बरसती आँखें , बिना बात भी पल- पल में II

जन्म की साथी ही बन पाई , यही काम था बस में मेरे  I
अब  तो करे विधाता निर्णय , क्या लिखा है भाग्य में तेरे II

किससे कंहूँ समझ ना आये , कौन करे कुछ हल्की पीड़ा I
किसमें है मानवता इतनी , थाम सके जो तेरी बीड़ा II 

कहे ' आज़मी ' तू भी बन जा , मेरे जैसी हिम्मतवाली I
सहन शक्ति इस कदर बढ़ा ले , फिर कहलाये किस्मतवाली II

सावित्री तिवारी  ' आज़मी '